टोरंट के खिलाफ दिवा के उपभोक्ताओं में आक्रोश
टोरंट के खिलाफ दिवा के उपभोक्ताओं में आक्रोश
भाजपा ने दी सुधार लाने की चेतावनी
ठाणे। पिछले महीने से दिवा परिसर में विद्युत आपूर्ति को लेकर लगातार व्यवधान आ रहे हैं। यहां बिजली की आंख मिचौली रोजाना खेल बनकर रह गया है। बार-बार टोरंट पावर कंपनी प्रबंधन को बिजली आपूर्ति की समस्या से अवगत कराया जा रहा है। इसके बाद भी स्थिति में किसी तरह का सुधार नहीं है। भाजपा के ठाणे जिला कार्यकारिणी सदस्य रोहिदास मुंडे ने टोरंट पावर प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा जनांदोलन करने को विवश होगी।
मुंडे का कहना है कि गत एक महीने से दिवा परिसर में बिजली आपूर्ति लगातार अनियमित हो रही है। जिस कारण उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक तो टोरंट उपभोक्ताओं को मनमाना बिजली बिल भेज रहा है। बिल वसूली के बाद भी दिवा में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है। मुंडे का कहना है कि इसको लेकर उपभोक्ताओं में गहरा आक्रोश है। वे लगातार भाजपा पदाधिकारियों से भी इसकी शिकायतें कर रहे हैं।
दिवा में आठ-आठ घंटे बिजली गायब रह रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि इससे तो महावितरण ही बेहतर सेवा दे रही थी। मुंडे ने कहा है कि टोरंट पॉवर प्रबंधन को इस स्थिति से भाजपा पदाधिकारियों ने अवगत करा दिया है। इसके बाद भी यदि विद्युत आपूर्ति की समस्या का समाधान टोरंट वाले नहीं करेंगे तो भाजपा जनहित को देखते हुए उग्र विरोध आंदोलन करने को विवश होगी।