जिलाधिकारी नार्वेकर का भाजपा व्यापारी सेल द्वारा सत्कार
जिलाधिकारी नार्वेकर का भाजपा व्यापारी सेल द्वारा सत्कार
ठाणे। कोरोना संकट के कारण ठाणे शहर में दुकानें बंद रहने के साथ ही दैनिक कारोबार बुरी तरह से प्रभावित हुए थे। कोरोना की लहर धीमी पडऩे के बाद भी राज्य सरकार दुकानदारों को किसी तरह की रियायत देने को राजी नहीं थी। जिसको लेकर ठाणे भाजपा व्यापारी सेल द्वारा लगातार विरोध आंदोलन कर लॉकडाउन का विरोध किया जाता रहा।
आखिरकार राज्य सरकार ने रात के दस बजे तक दुकानें खोले जाने की अनुमति दी। इन बातों की जानकारी देते हुए भाजपा व्यापारी सेल के ठाणे शहर अध्यक्ष मितेश शहा ने बताया कि यह भाजपा व्यापारी सेल की जीत है। इसी खुशी में व्यापारी सेल ने ठाणे जिलाधिकारी राजेश नार्वेकर के साथ ही विधायक संजय केलकर तथा भाजपा शहराध्यक्ष विधायक निरंजन डावखरे का सत्कार किया। साथ ही उन्हें लगातार सहयोग देने के लिए उनके प्रति व्यापारी मंडल ने अपना आभार भी व्यक्त किया। विदित हो कि व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए विधायक केलकर तथा शहराध्यक्ष विधायक डावखरे ने हर मोर्चे पर व्यापारियों को अपना सहयोग दिया। वे उनके विरोध आंदोलन में भी सडकों पर उतरे थे। व्यापारी सेल के पदाधिकारियों ने उनका भी सत्कार किया।